खैरागढ़. ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए केसीजी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। थाना खैरागढ़ क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19 टिकरापारा में शादी समारोह के दौरान बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस ने साउंड सिस्टम जब्त कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल की रात करीब 11:05 बजे टिकरापारा इलाके में एक विवाह समारोह में अत्यधिक तेज ध्वनि में डीजे/धुमाल बजाए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पाया गया कि वार्ड क्रमांक 17 दाऊचौरा निवासी 23 वर्षीय आदित्य सारथी बिना किसी वैध अनुमति के तेज ध्वनि में डीजे संचालित कर रहा था।

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 02/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम की धारा 4 एवं 15 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए डीजे/धुमाल साउंड सिस्टम जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसे अर्थदंड से दंडित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में ध्वनि प्रदूषण को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बिना अनुमति तेज ध्वनि में डीजे बजाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि आमजन को शांति और स्वास्थ्यप्रद वातावरण मिल सके।




