रायपुर. प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर अब राज्य के सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश पूर्व निर्धारित तिथि से पहले लागू किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 मई 2026 से 15 जून 2026 तक घोषित किया गया था। लेकिन अब इसे संशोधित करते हुए 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक कर दिया गया है। यह निर्णय प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “बढ़ती गर्मी में बच्चों की सेहत की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।” इसी को ध्यान में रखते हुए अवकाश की अवधि को पहले लागू करने का फैसला लिया गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अप्रैल माह में ही तापमान में असामान्य वृद्धि देखी जा रही है, जिससे बच्चों के लिए स्कूल जाना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में सरकार का यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शिक्षा विभाग के इस फैसले से प्रदेशभर के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिलेगी। वहीं, अभिभावकों और शिक्षकों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे समयानुकूल और आवश्यक कदम बताया है।




