खैरागढ़. शिवसेना के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कौशलेंद्र सिंह का गुरुवार शाम अचानक निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वे शाम लगभग 4:30 बजे अपने निवास पर टीवी देख रहे थे, तभी उन्हें हल्का दिल का दौरा (माइनर अटैक) पड़ा। परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही उनका देहांत हो गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर उपवास भी रखा हुआ था।
कौशलेंद्र सिंह क्षेत्र के सक्रिय और जुझारू नेताओं में गिने जाते थे। वे लंबे समय से हिंदुत्व और किसानों से जुड़े मुद्दों पर मुखर रहे तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्षरत रहे। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ थी और उन्होंने कई कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी प्रेरणा से अनेक कार्यकर्ता भाजपा और कांग्रेस जैसे प्रमुख दलों में भी अपनी पहचान बनाने में सफल हुए।
उनके निधन की खबर फैलते ही खैरागढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। शिवसेना के पदाधिकारी, हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर गहरा दुख व्यक्त किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
कौशलेंद्र सिंह के निधन को खैरागढ़ की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनका सरल स्वभाव, संघर्षशील व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगा।


