खैरागढ़. स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 16 जून से प्रदेशभर के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत हो गई। लंबे अवकाश के बाद विद्यालयों में एक बार फिर बच्चों की चहल-पहल और उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में सत्र के पहले दिन विद्यार्थियों का पारंपरिक एवं आत्मीय वातावरण में स्वागत किया गया।
विद्यालय पहुंचने वाले विद्यार्थियों का शिक्षक-शिक्षिकाओं ने तिलक लगाकर अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और शैक्षणिक सफलता की शुभकामनाएं दीं। स्वागत कार्यक्रम के दौरान बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका मुंह मीठा कराया गया, जिससे नन्हे विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिसर में पहले दिन उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना एवं मंत्रपाठ किया। इस दौरान अनुशासन, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नए सत्र में नियमित अध्ययन, समय पालन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूर्ण कर ली गई थीं। कक्षाओं की साफ-सफाई, अध्ययन सामग्री की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया गया है। पहले दिन विद्यालय में उत्साह, अनुशासन और संस्कारों का सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिसने नए सत्र की शुरुआत को यादगार बना दिया।


