खैरागढ़. नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ दाऊ चौरा शासकीय प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, अभिभावकों की खुशियों और शिक्षकों के उत्साह से सराबोर नजर आया।
प्रवेश उत्सव के अवसर पर बच्चों को नवीन शाला गणवेश, पाठ्य पुस्तकें एवं कॉपियों का वितरण किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा किए गए इस स्वागत से नवप्रवेशी विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।
इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य का आधार है और प्रारंभिक शिक्षा जीवन की सफलता की मजबूत नींव तैयार करती है। अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 16 दाऊ चौरा के पार्षद एवं सभापति विनय देवांगन, शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज देवांगन, वरिष्ठ नागरिक अवतार देवांगन, डेरहा देवांगन एवं रतन देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधान पाठिका दीपा सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षिकाएं सावित्री ठाकुर, ऊषा देवांगन तथा सीमा बोकडे सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुए इस प्रवेश उत्सव ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को यादगार बना दिया।


