रायपुर. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेशभर के सोशल मीडिया प्रभारियों एवं सक्रिय पदाधिकारियों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर संगठन की डिजिटल रणनीति को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक का उद्देश्य कांग्रेस की नीतियों, जनहित के मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाना रहा।
बैठक के दौरान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले की सोशल मीडिया सक्रियता पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला सचिव रिंकू गुप्ता, जिला प्रवक्ता मनोहर सेन तथा देवेंद्र तोड़े से प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने अलग से संवाद किया। उन्होंने जिले में संगठन की गतिविधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रियता तथा सोशल मीडिया के जरिए किए जा रहे प्रचार-प्रसार की विस्तृत जानकारी ली।
दीपक बैज ने सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रत्येक गतिविधि, प्रेस विज्ञप्ति, जनआंदोलन, कार्यक्रम और जनहित से जुड़े सभी मुद्दों को जिला, ब्लॉक, शहर और बूथ स्तर तक नियमित रूप से शेयर, लाइक और व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया संगठन की सबसे प्रभावी ताकत बन चुका है और इसकी सक्रियता के माध्यम से कांग्रेस की आवाज सीधे आम जनता तक पहुंचाई जा सकती है।
बैठक में डिजिटल समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने, सभी स्तरों पर सोशल मीडिया टीम को सक्रिय रखने तथा संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन दिलाने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिलों के पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि सोशल मीडिया को संगठन की मजबूती का प्रभावी माध्यम बनाते हुए कांग्रेस की गतिविधियों और जनहित के मुद्दों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें।


