खैरागढ़. जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन प्राप्त किया है। ग्रामीण क्षेत्र के इस स्वास्थ्य केंद्र को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान न केवल स्वास्थ्य विभाग के लिए गर्व का विषय है, बल्कि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की नई उम्मीद भी लेकर आया है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करने के लिए निर्धारित किया गया है। इस प्रमाणन के लिए स्वास्थ्य केंद्रों का स्वच्छता, मरीजों की सुरक्षा, उपचार की गुणवत्ता, रिकॉर्ड संधारण, संक्रमण नियंत्रण, दवा उपलब्धता तथा मरीज हितैषी सेवाओं सहित विभिन्न मानकों पर गहन परीक्षण किया जाता है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
स्वास्थ्य केंद्र को यह सफलता दुर्ग संभाग के आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर के निरीक्षण के दौरान दिए गए मार्गदर्शन एवं सुझावों के अनुरूप किए गए सुधारात्मक कार्यों तथा कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के सतत मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जिसका सकारात्मक परिणाम अब एनक्यूएएस प्रमाणन के रूप में सामने आया है।
इस उपलब्धि में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, बीपीएम श्री आकाश तंबोली, डॉ. गजेंद्र सिंह, यूनिसेफ टीम के डॉ. अक्षय तिवारी तथा संभागीय क्वालिटी कंसल्टेंट श्रीमती कविता चंद्राकर सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं संस्था प्रभारी डॉ. मोहम्मद असलम के नेतृत्व में ग्रामीण चिकित्सा सहायक भारती वर्मा, लैब टेक्निशियन रामनिवास बंजारे, फील्ड स्टाफ, मितानिनों, जीवन दीप समिति, ग्राम पंचायत जालबांधा एवं पवनतरा के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने इस अवसर पर पूरी स्वास्थ्य टीम को बधाई देते हुए कहा कि जालबांधा स्वास्थ्य केंद्र का एनक्यूएएस प्रमाणन जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जालबांधा स्वास्थ्य केंद्र को मिला यह राष्ट्रीय प्रमाणन जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार का मार्ग प्रशस्त होगा।


