खैरागढ़. शहर के लालपुर वार्ड में लंबे समय से चली आ रही पेयजल संकट और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर उठे जनाक्रोश के बाद आखिरकार नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। शहर कांग्रेस कमेटी की सख्त चेतावनी और आंदोलन की तैयारी के संकेतों के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सफाई और जल आपूर्ति सुधार का अभियान शुरू कर दिया है।
दरअसल, दो दिन पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए वार्ड निरीक्षण के दौरान लालपुर में गंदगी का अंबार, जाम नालियां और पेयजल की गंभीर समस्या उजागर हुई थी। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को दो दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया था और चेतावनी दी थी कि समयसीमा में सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

चेतावनी का असर साफ तौर पर नजर आया और नगर पालिका की टीम ने लालपुर वार्ड में अभियान चलाकर नालियों की सफाई, कचरा उठाव और जल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने का काम शुरू कर दिया। कई स्थानों पर सफाईकर्मियों की तैनाती कर तत्काल कार्य प्रारंभ कराया गया। इस दौरान शहर कांग्रेस के महामंत्री दीपक देवांगन और शेखर दास वैष्णव मौके पर पहुंचे और कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जल्द से जल्द समस्याओं के स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल दबाव में की जा रही है और अब तक किसी ठोस एवं स्थायी समाधान के संकेत नहीं मिले हैं। लोगों ने नगर पालिका से नियमित सफाई व्यवस्था और सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में उन्हें ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
इधर, कांग्रेस नेता मनराखन देवांगन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आने वाले समय में फिर से लापरवाही सामने आई, तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ी तो सड़क पर उतरकर संघर्ष किया जाएगा।
नगर पालिका की इस तात्कालिक सक्रियता को जहां एक ओर प्रशासनिक तत्परता के रूप में देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या यह सुधार स्थायी होगा या फिर हालात दोबारा पुराने ढर्रे पर लौट जाएंगे। फिलहाल, लालपुर वार्ड के लोग सुधार की उम्मीद लगाए हुए हैं।




