खैरागढ़/छुईखदान. जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बांध में नहाने उतरे तीन युवकों में से एक युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची, खबर लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका है। युवक की तलाश के लिए दुर्ग से एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छुईखदान निवासी तीन युवक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घूमने के लिए छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ समय बाद तीनों युवक जलाशय में नहाने उतर गए। नहाते-नहाते वे गहरे पानी की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवकों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे पानी में काफी अंदर और गहरे हिस्से की ओर चले गए। इसी दौरान तीनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे। इस दौरान तीन में से दो युवक किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन उनके साथ मौजूद लक्ष्य पाल, उम्र करीब 17 वर्ष, पिता संजय पाल, निवासी छुईखदान गहराई में समा गया और बाहर नहीं निकल सका।
घटना के बाद दोनों युवकों ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल छुईखदान पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक पूछताछ के लिए दोनों युवकों को थाना ले गई। वहीं स्थानीय गोताखोरों की मदद से जलाशय में युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस के अनुसार जलाशय की अधिक गहराई और पानी की स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद विशेष उपकरणों के साथ दोबारा खोज अभियान शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि छिंदारी बांध में पूर्व में भी कई डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन द्वारा लगातार सावधानी बरतने की अपील के बावजूद लोग गहरे पानी में उतरने का जोखिम उठा रहे हैं, जिससे बार-बार ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं। घटना के बाद युवक के परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।


