खैरागढ़. स्व. विजय लाल चोपड़ा हाई स्कूल अमलीपारा में शुक्रवार को समग्र शिक्षा अंतर्गत निर्मित अतिरिक्त कक्ष एवं साइकिल स्टैंड का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के दानदाता स्व. विजय लाल चोपड़ा की मूर्ति का अनावरण, कक्षा 9वीं की 26 छात्राओं को सरस्वती साइकिल वितरण, मेधावी छात्राओं का सम्मान और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला पंचायत केसीजी उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि रहे, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने अध्यक्षता की।


कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विकेश गुप्ता, शशांक ताम्रकार, आलोक श्रीवास, कमलेश कोठले, स्कूल के संस्थापक सदस्य अंकित चोपड़ा सहित पूर्व नपा अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा, पूर्व नपा उपाध्यक्ष रामाधार रजक, सभापतिगण रूपेंद्र रजक, विनय देवांगन व कमलेश कोठले, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नीलिमा गोस्वामी, पूर्व पार्षद संजय शर्मा, समाजसेवी सुभाष चावड़ा, जिला पत्रकार संघ उपाध्यक्ष मो. याहिया नियाज़ी, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि नंद चंद्राकर, जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह बोनी समेत अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

अतिथियों ने मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। छात्राओं ने स्वागत गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके बाद स्व. विजय लाल चोपड़ा की मूर्ति का अनावरण किया गया। कक्षा 9वीं की 26 छात्राओं को शासन की सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की गई। कक्षा 10वीं में सर्वाधिक अंक अर्जित करने वाली गरिमा सिन्हा, रितानी यादव और प्रतिज्ञा रजक को मुख्य अतिथि ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। स्कूल परिसर में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे भी लगाए गए।
शिक्षा के लिए पांच एकड़ जमीन दान की थी चोपड़ा ने

मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने कहा कि स्व. विजय लाल चोपड़ा ने वर्ष 1989 में बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए करीब पांच एकड़ बेशकीमती जमीन दान की थी। उन्होंने कहा कि उनके नगर पालिका अध्यक्ष रहते मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मांग करने पर विद्यालय का नाम स्व. विजय लाल चोपड़ा के नाम पर किया गया। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना को बेटियों की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पहले दूरी और संसाधनों के अभाव में कई बेटियां आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ देती थीं। इसी समस्या को देखते हुए बेटियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से योजना शुरू की गई।

उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के चार मंत्र बताते हुए अनुशासन, अच्छा व्यवहार, एकाग्रता के साथ मेहनत करने और असफलता से नहीं घबराने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेटियां अनुशासन के मामले में आगे रहती हैं। विक्रांत सिंह ने बताया कि पुलिस आरक्षी केंद्र के लिए अन्यत्र भवन बनने के बाद पहले की तरह बच्चों की शिक्षा और खेल गतिविधियों के लिए जगह उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि स्कूल के उन्नयन के लिए जल्द मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मिलकर शासन स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
चोपड़ा की प्रतिमा का अनावरण गौरव का अवसर : गिरजा चंद्राकर

नपा अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने कहा कि स्व. विजय लाल चोपड़ा की मूर्ति का अनावरण पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने कहा कि बेटियों के बेहतर भविष्य और आवागमन की सुविधा के लिए सरकार सरस्वती साइकिल योजना के माध्यम से उन्हें सहयोग दे रही है।

प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के लिए अपनी बेशकीमती जमीन दान करने वाले स्व. विजय लाल चोपड़ा के योगदान के कारण आज यहां विद्यालय संचालित हो रहा है। उन्होंने स्व. चोपड़ा और उनके परिवार के योगदान को सराहा तथा उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन में रहकर मेहनत करने और गुरुजनों, माता-पिता, गांव व शहर का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जनभागीदारी समिति अध्यक्ष कमलेश कोठले ने कहा कि स्कूल में पानी, अतिरिक्त कक्ष और साइकिल स्टैंड जैसी जरूरी मांगें पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने छात्राओं को साइकिल मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के जल्द उन्नयन के लिए मुख्य अतिथि से शासन स्तर पर प्रयास करने की मांग की।
उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, उन्नयन की मांग


प्राचार्य सुनील गुनी ने शालेय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय वर्ष 1989 से संचालित है और यहां का परीक्षा परिणाम हमेशा उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने बताया कि स्व. विजय लाल चोपड़ा ने बच्चों की शिक्षा के लिए करीब पांच एकड़ जमीन दान की थी। उन्होंने विद्यालय के उन्नयन की मांग करते हुए कहा कि आसपास के गांवों से आने वाले बच्चों को उच्च स्तर की शिक्षा इसी विद्यालय में मिल सके।

प्राचार्य ने पुलिस आरक्षी केंद्र के लिए ली गई जमीन को वापस विद्यालय को उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों और अन्य शैक्षणिक आयोजनों के लिए पर्याप्त मैदान मिल सके। इसके अलावा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए शौचालय, डोम निर्माण तथा सांस्कृतिक मंच के विस्तार के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, उनके परिजन, शिक्षक और नागरिक उपस्थित रहे।


