खैरागढ़. भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला पुलिस बल खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) की ओर से अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के सभी आठ थाना क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबलों में भाग लिया। फाइनल मुकाबले में छुईखदान टीम विजेता रही, जबकि जालबांधा टीम उपविजेता बनी। प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी टीमों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सरदार पटेल के एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
साइबर ठगी से बचने की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस ने साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया। अनजान लिंक, OTP और संदिग्ध मैसेज पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई। पुलिस, CBI या ED अधिकारी बनकर अथवा डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर फोन करने वाले ठगों से सावधान रहने कहा गया। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने या नजदीकी थाने में सूचना देने की जानकारी दी गई।
नशे से दूर, खेल से जुड़ने का संदेश

पुलिस ने ‘नशे को ना कहें, जीवन को हाँ कहें’ अभियान के तहत अवैध शराब, गांजा और ड्रग्स के कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जिला पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


