खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में मंडल भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व संसदीय सचिव एवं खैरागढ़ नगर पालिका भाजपा चुनाव प्रभारी लाभचंद बाफना विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि खैरागढ़ नगर पालिका का चुनाव हर हाल में जीतना है, क्योंकि इसके परिणाम पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बाफना ने वार्डवार कार्यकर्ताओं से चर्चा कर आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पार्टी द्वारा सौंपे गए कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक वार्ड में ‘एक दीया देश के नाम’ कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जल्द ही वार्ड प्रभारी एवं सह-प्रभारी नियुक्त करने की जानकारी दी।
रणनीति और संगठन के दम पर जीत का भरोसा
बेमेतरा के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं चुनाव सह-प्रभारी ओमप्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि नगर पालिका चुनाव के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना है। उन्होंने कहा कि सही रणनीति और मजबूत संगठन के बल पर ही चुनाव जीता जाता है। सभी कार्यकर्ता आज से ही चुनावी तैयारी में जुट जाएं।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि खैरागढ़ नगर में हुए तमाम विकास कार्य भाजपा सरकार के कार्यकाल की देन हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्का मकान देने का काम सरकार ने निरंतर किया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि भाजपा सरकार के जनहितैषी एवं विकास कार्यों पर जनता की मुहर लगाने का अवसर है। नगर के चौमुखी विकास के लिए जनता एक बार फिर भाजपा को चुनेगी।
‘सेवा संकल्प अभियान’ से मिलेगी चुनावी तैयारी को गति
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. बिशेसर साहू ने कहा कि अब चुनावी तैयारियों में तेजी लाने का समय आ गया है। कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दें। वहीं घम्मन साहू ने आरक्षण प्रक्रिया के बाद आयोजित बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा प्रभारी एवं सह-प्रभारी की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह सुखद संयोग है कि 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हो रही है, जिससे चुनावी अभियान को और गति मिलेगी।
वरिष्ठ नेताओं समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन ऋषि सिंह ने किया। बैठक में पूर्व विधायक कोमल जंघेल, शशांक ताम्रकार, जैनेन्द्र जंघेल, दिनेश वर्मा, गिरजा चन्द्राकर, नीलिमा गोस्वामी, उमा चौबे, आयश सिंह, अनिल अग्रवाल, विकेश गुप्ता, शैलेन्द्र त्रिपाठी, गोरेलाल वर्मा, रामाधार रजक, अयूब सोलंकी, विनय देवांगन, महेश गिरी, कमलेश कोठले, हर्षवर्धन वर्मा, कीर्ति वर्मा, अनीश सिंह, वन्दना टांडेकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


