खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के दौरे पर आने की संभावना जताई जा रही है। यह संभावित दौरा राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सुशासन तिहार’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शासन-प्रशासन को सीधे आमजन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर छुईखदान विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम सरोधी में उतर सकता है। यहां वे जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कई मामलों का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित कर सकते हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की भी समीक्षा करेंगे। वे हितग्राहियों से योजनाओं का फीडबैक लेंगे और यह जानने का प्रयास करेंगे कि योजनाओं का लाभ वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है या नहीं। सरकार की मंशा है कि ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड, जन चौपाल स्थल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ-सफाई और तैयारियों का दौर तेज हो गया है।
गौरतलब है कि ‘सुशासन तिहार’ के तहत प्रदेशभर में मुख्यमंत्री और मंत्री स्तर के अधिकारी विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री का यह दौरा भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



