खैरागढ़. देश में आधार कार्ड नागरिक की सबसे महत्वपूर्ण पहचान बन चुका है। बैंक खाता खुलवाने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और रोजमर्रा के कई जरूरी कार्यों में इसकी अनिवार्यता है। लेकिन जब एक ही आधार नंबर दो अलग-अलग राज्यों के व्यक्तियों के नाम पर दर्ज होने का दावा सामने आए, तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। ऐसा ही चौंकाने वाला मामला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के टोलागांव से सामने आया है। यहां कक्षा 11वीं में अध्ययनरत जतिन साहू पिता धनेश्वर साहू का आधार नंबर हरियाणा के अंबाला निवासी दूसरे जतिन के आधार नंबर से भी मेल खाने का दावा किया जा रहा है।

इस कथित गड़बड़ी के कारण दोनों छात्रों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टोलागांव निवासी जतिन को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बैंक खाते में आधार लिंक नहीं होने के कारण स्कूल की छात्रवृत्ति अटकी हुई है। वहीं राशन प्राप्त करने और सिम कार्ड लेने में भी परेशानी हो रही है। पिता धनेश्वर साहू के मुताबिक, वे पिछले चार वर्षों से सीएससी सेंटरों और सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। दूसरी ओर हरियाणा निवासी छात्र भी इसी तरह की परेशानियों से जूझ रहा है।

अब सवाल यह है कि आखिर आधार पंजीयन के दौरान ऐसी गड़बड़ी कैसे हुई? क्या दस्तावेजों के सत्यापन में चूक हुई या तकनीकी स्तर पर कोई समस्या सामने आई? सबसे अहम बात यह है कि दोनों छात्रों को अलग-अलग आधार नंबर कब मिल पाएंगे, ताकि वे सामान्य नागरिकों की तरह सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

इस संबंध में अपर कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर ने कहा कि मामला मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया है। संबंधित व्यक्ति द्वारा आवेदन प्राप्त होने पर हैदराबाद स्थित भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के क्षेत्रीय कार्यालय को आवेदन भेजकर समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। अब देखना होगा कि चार वर्षों से परेशान परिवार को कब राहत मिलती है।




