खैरागढ़. छुईखदान क्षेत्र के ग्राम पंचायत कानीमेरा में आयोजित ग्रामीण कबड्डी प्रतियोगिता में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और युवाओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। जनप्रतिनिधि की मौजूदगी से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के दौरान विक्रांत सिंह ने मैदान में पहुंचकर कबड्डी के प्रतिभागियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल हमेशा सच्ची खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। हार और जीत खेल के दो पहलू हैं। हार मिलने पर निराश होने के बजाय अपनी कमियों से सीख लेकर निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर माध्यम है।
मिडिल स्कूल परिसर में बनेगा मंगल भवन
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव में सार्वजनिक आयोजनों और सामाजिक गतिविधियों के लिए मंगल भवन निर्माण की मांग रखी। इस पर विक्रांत सिंह ने ग्रामीणों की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत कानीमेरा के मिडिल स्कूल परिसर में मंगल भवन निर्माण कराने की घोषणा की। घोषणा के बाद ग्रामीणों और युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए उनके प्रति आभार जताया।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर छुईखदान मंडल भाजपा अध्यक्ष भावेश कोचर, महामंत्री रोशन चन्द्राकर, मकसूदन साहू, राजू उइके, मुकेश चंदेल, दीपसिंह नेताम, भागवत चंदेल, दुजराम साहू, रिंकू सारथी और जयंती साहू सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।




