खैरागढ़. जिले के खैरागढ़ एवं छुईखदान विकासखंड की नवीन सहकारी समितियों में मनोनीत प्राधिकृत अध्यक्षों ने शुक्रवार को खैरागढ़ पहुंचकर प्रदेश भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान नवनियुक्त प्राधिकृत अध्यक्षों ने नई जिम्मेदारी सौंपे जाने पर उनका आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने सभी नवनियुक्त अध्यक्षों का माला पहनाकर एवं मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों में किसानों का हित सर्वोपरि होना चाहिए। सभी पदाधिकारी पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। समिति में होने वाले प्रत्येक कार्य की संपूर्ण जानकारी प्राधिकृत अध्यक्षों के संज्ञान में रहनी चाहिए, ताकि व्यवस्था सुचारू और जवाबदेह बनी रहे।
सिंह ने कहा कि पार्टी के प्रति आप सभी की निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। अपेक्षा है कि पहले की तरह संगठन के प्रति सक्रियता बनाए रखते हुए किसान हित में समर्पित भाव से काम करेंगे। सहकारी समितियों के प्राधिकृत शासन और किसानों के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाते हैं। इसलिए किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के एक ऐतिहासिक निर्णय की जानकारी ग्रामीणों एवं किसानों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि सरकार ने 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले पंजीकृत किसानों को 659 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आदान सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने प्राधिकृत अध्यक्षों से इस निर्णय की जानकारी पात्र किसानों तक पहुंचाने और उन्हें योजना का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने नवनियुक्त प्राधिकृत अध्यक्षों को बधाई देते हुए किसानों के हित में समर्पित भाव से कार्य करने की बात कही। वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही समितियों के समग्र उत्थान और मजबूती पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
मुलाकात के दौरान नवनियुक्त प्राधिकृत अध्यक्षों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप एवं सांसद संतोष पांडे के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा सहित राकेश ठाकुर, खेमराज जैन, हेमुदास साहू, संजय पारख, आनंद सिन्हा, आनंद पटेल, गोरेलाल वर्मा, रोशन चंद्राकर, मुकेश वर्मा, भीखू हिरवानी, लीला राम साहू, अमरसिंह साहू, राकेश वर्मा, यतीश साहू, अवध वर्मा, मक्रध्वज वर्मा, गौतम वर्मा, रमाशंकर वर्मा, धनेश वर्मा, बद्री मैथिलक्षत्रिय, मनसुख वर्मा, प्रद्युम्न वर्मा, आदर्श सिंह, राजेश वर्मा एवं डॉ. पीतांबर वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



