खैरागढ़. ग्राम पंचायत सलोनी के भाटापारा स्थित मां शीतला मंदिर में रविवार को लोकार्पण समारोह एवं ज्योति कलश स्थापना कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान के साथ गांव में विकास कार्यों की मांग भी उठी। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आवश्यक निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।

दोपहर 2 बजे आयोजित समारोह में खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य खेमराज जैन, सरपंच सौरम कुमार साहू, उपसरपंच पुरानिक वर्मा एवं ग्राम पटेल भूषण लाल वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान खेमराज जैन ने विधायक के समक्ष बाजार में चबूतरा निर्माण की मांग रखी। इस पर विधायक ने मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

वहीं, शाम 5 बजे आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष राजेश्री शैलेंद्र त्रिपाठी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लखन लाल साहू, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति के सदस्य घम्मन साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेन्द्र त्रिपाठी और जनपद पंचायत सदस्य खेमराज जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान खेमराज जैन ने ग्राम पंचायत भवन की बाउंड्रीवॉल निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर विक्रांत सिंह ने जल्द पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने दिया आश्वासन

विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने बाजार में चबूतरा निर्माण की मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए इसे जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। वहीं, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने पंचायत भवन की बाउंड्रीवॉल निर्माण की मांग को जल्द पूरा कराने की बात कही। दोनों मांगें गांव की मूलभूत सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों के विकास से जुड़ी हैं।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, नरेंद्र सेन, डोरेलाल साहू, प्रताप वर्मा, अमर सिंह वर्मा, मल्लू वर्मा, मकसूदन वर्मा, भिखारी राम डड़सेना, सनत वर्मा, पीतांबर वर्मा, नीलकुमार वर्मा, रवींद्र वर्मा, अमीषा वर्मा और मानबाई वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन समस्त ग्रामवासियों एवं ग्राम पंचायत सलोनी के पंचगण के सहयोग से संपन्न हुआ। मां शीतला मंदिर के लोकार्पण और ज्योति कलश स्थापना से गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा।


