खैरागढ़. जिले में अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। कुछ दिनों पहले खैरागढ़-डोंगरगढ़ मार्ग पर कई बार तेंदुआ दिखाई देने के बाद अब साल्हेवारा मार्ग स्थित बंजारी घाटी में भी उसकी मौजूदगी सामने आई है।
बीती रात करीब 8:30 बजे घाटी से गुजर रही एक सवारी बस के चालक ने सड़क किनारे तेंदुए को बैठे देखा। चालक ने तत्काल बस रोककर उसका वीडियो बनाया। कुछ देर बाद तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद साल्हेवारा क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
लगातार अलग-अलग स्थानों पर तेंदुआ दिखाई देने से रात के समय आवागमन करने वाले यात्रियों और आसपास के ग्रामीणों में भय बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से संबंधित मार्गों और जंगल से लगे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


