खैरागढ़. नवरात्र पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम लगाने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और लेबल पर दर्ज जानकारी के प्रति जागरूक करने के लिए 'हर लेबल कुछ कहता है' अभियान के तहत भी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए जा रहे हैं।

जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन तथा अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 7 से 12 अक्टूबर 2026 के बीच खैरागढ़ के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 11 खाद्य नमूने संकलित किए गए। इनमें 7 विधिक खाद्य नमूने और 4 सर्विलांस नमूने शामिल हैं।
भगवती किराना स्टोर्स से मैगी, ओट्स और खाद्य तेल के नमूने
अभियान के तहत 7 अक्टूबर को खैरागढ़ के जयस्तंभ चौक स्थित मेसर्स भगवती किराना स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मैगी, ओट्स और फार्च्यून रिफाइंड सूरजमुखी खाद्य तेल के तीन विधिक खाद्य नमूने संकलित किए गए।

इसके अगले दिन, 8 अक्टूबर को बाजार अतरिया क्षेत्र स्थित मेसर्स जीतू डेली नीड्स एवं जनरल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। यहां से पतंजलि काजू बिस्किट का एक विधिक खाद्य नमूना तथा स्पेशल सूजी टोस्ट का एक सर्विलांस नमूना लिया गया।

गढ़ कलेवा के समोसा और साबूदाना बड़े की भी जांच

9 अक्टूबर को कलेक्टोरेट परिसर में संचालित गढ़ कलेवा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वहां उपलब्ध समोसा और साबूदाना बड़ा के दो सर्विलांस नमूने संकलित किए गए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई के तहत विभाग ने तैयार खाद्य सामग्री को भी नमूना संकलन के दायरे में रखा।
नवरात्र के फलाहार पर विशेष नजर, न्यू फेमस बाजार से चार नमूने

नवरात्र पर्व के दौरान फलाहार में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री की जांच के क्रम में 12 अक्टूबर को खैरागढ़ के गोलबाजार क्षेत्र स्थित मेसर्स न्यू फेमस बाजार का निरीक्षण किया गया। यहां से फलाहार में उपयोग होने वाले इंस्टेंट इडली, सिंघाड़ा आटा और साबूदाना के तीन विधिक खाद्य नमूने संकलित किए गए। इसके अलावा खम्मन ढोकला आटा का एक सर्विलांस नमूना भी लिया गया।
इस प्रकार विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य तेल, पैकेज्ड खाद्य पदार्थ, बिस्किट, टोस्ट, तैयार नाश्ते और फलाहार सामग्री के नमूने संकलित कर जांच की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।
लेबल की जानकारी जांचने के लिए उपभोक्ताओं को किया जा रहा जागरूक
विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के साथ 'हर लेबल कुछ कहता है' अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के लेबल पर दर्ज आवश्यक जानकारियों के प्रति जागरूक करना भी है। उपभोक्ताओं के लिए खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेट पर अंकित निर्माण एवं समाप्ति तिथि, सामग्री संबंधी विवरण और अन्य आवश्यक जानकारियों को देखना महत्वपूर्ण है। नवरात्र के दौरान खाद्य सामग्री की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग द्वारा निरीक्षण और नमूना संकलन की कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे सहित खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मौजूद रही।


