खैरागढ़. जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम सर्रागोंदी में गुरुवार शाम 45 वर्षीय ग्रामीण शेखर पटेल, पिता तुलसी पटेल ने कटहल के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। शेखर के स्वास्थ्य की स्थिति बीते कुछ दिनों से ठीक नहीं होने की बात सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार शेखर गुरुवार शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे। इसके बाद वे वापस घर नहीं पहुंचे। इसी दौरान ग्रामीणों ने कटहल के पेड़ से उनका शव लटका देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नोट में शेखर ने बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है। साथ ही उन्होंने अपने जाने के बाद परिवार के खुश रहने की इच्छा भी व्यक्त की है।
फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच में लिया है। पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई के साथ पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।


