खैरागढ़. जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम लिमतरा में गुरुवार को एक लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हाई स्कूल में टीन शेड लगाने का सामान लेकर पहुंचा मालवाहक वाहन हेल्पर द्वारा वाहन चालू किए जाने के बाद अनियंत्रित होकर प्राथमिक शाला की दीवार से जा टकराया। हादसे में स्कूल की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं मालवाहक वाहन के सामने का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार मालवाहक क्रमांक सीजी 24 पी 1501, जो रायपुर की गाड़ी बताई जा रही है, हाई स्कूल परिसर में टीन शेड लगाने का सामान लेकर लिमतरा पहुंचा था। वाहन चालक रमेश नायक ने वाहन में चाबी लगी छोड़ दी थी। इसी दौरान उसके साथ आया हेल्पर पीतांबर चालक सीट पर जा बैठा और चाबी घुमा दी। वाहन अचानक चालू होकर अनियंत्रित हो गया और प्राथमिक शाला की दीवार से जा भिड़ा।

हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गनीमत रही कि घटना के समय दीवार के आसपास कोई बच्चा या व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पहले से जर्जर है स्कूल भवन
ग्राम की सरपंच डिंकी वर्मा ने बताया कि प्राथमिक शाला का भवन पहले से ही जर्जर स्थिति में है। नए भवन के निर्माण की मांग भी की जा चुकी है। जर्जर भवन के कारण फिलहाल प्राथमिक शाला का संचालन हाई स्कूल भवन में किया जा रहा है। अब हादसे में दीवार क्षतिग्रस्त होने के बाद स्कूल भवन की स्थिति को लेकर चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों की नजर अब इस बात पर है कि प्राथमिक शाला के लिए नया भवन कब तक उपलब्ध हो पाता है।


