खैरागढ़. ग्राम धौराभाठा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति समुदाय की सहभागिता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कुर्सी दौड़, मटका फोड़, रस्साकशी, चम्मच दौड़ और बिंदी स्पर्धा में महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं ग्राम के पंचों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को खिलौने भेंट किए गए।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद सदस्य एवं पांडादाह मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा महेश्वरी वर्मा रहीं, जबकि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा ने की। कार्यक्रम में संतोष देवांगन, सरपंच प्रतिनिधि धनेश्वरी साहू, ग्राम पटेल रमेश वर्मा, सभी पंच, परियोजना अधिकारी रंजना श्रीवास्तव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुलारी यदु, सहायिका सरिता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इस दौरान बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई और न्योता भोज का आयोजन भी किया गया। वहीं ‘हर घर मुनगा अभियान’ के तहत ग्रामीणों और हितग्राहियों को घर-घर मुनगा का पौधा लगाने तथा इसकी पत्तियों और फलियों का नियमित रूप से भोजन में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। मुनगा में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इसे परिवार के दैनिक आहार में शामिल करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान मुनगा पौधरोपण भी किया गया।

मुख्य अतिथि महेश्वरी वर्मा ने कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार पर जोर देते हुए गर्भवती माताओं से भी पौष्टिक भोजन लेने की अपील की।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को पोषण, स्वास्थ्य और महिला-बाल विकास के प्रति जागरूक करने के साथ आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।


