खैरागढ़. धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के प्रतीक हनुमान जन्मोत्सव को लेकर वीर हनुमान सेवा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समिति द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी आयोजन को भव्य और व्यवस्थित रूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ से हुई, जिसके बाद समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव को पूर्व वर्षों की तरह धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। समिति ने बताया कि यह आयोजन इस वर्ष 16वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जिसे लेकर नगर में विशेष उत्साह का माहौल है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 2 अप्रैल को आयोजन की शुरुआत सुबह 10 बजे विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ होगी। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
शाम 6 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो तुरकारी पारा स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध आखाड़ा दल, धुमाल, डीजे और आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। विशेष आकर्षण के रूप में राम, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप में सुसज्जित कलाकार बग्गी में विराजमान रहेंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेंगे।
समिति ने इस आयोजन को धार्मिक उत्सव के साथ-साथ सामाजिक समरसता का पर्व बताते हुए नगर एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
बैठक में समिति के प्रमुख सदस्य—विकेश गुप्ता, सुबोधकांत पांडेय, श्रीराम यादव, भूपेंद्र गंगबोइर, पंकज यादव, नीकु श्रीवास, डिगेश सिंह, नरेंद्र श्रीवास, शैलेन्द्र यादव, सन्नी यादव, सुनील यादव, विवेक श्रीवास, आर्यन श्रीवास, अनुराग यादव, मानस यादव, नरेश यादव, मनीष यादव, राम यादव, विक्रम यादव, शिवांश श्रीवास, नीरज भट्ट, शौर्य गुप्ता, प्रांजल गुप्ता, विकास यादव, शिवम श्रीवास, आरव श्रीवास एवं सतीश तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

