खैरागढ़. भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंह खालसा के निर्देश एवं जिला आयुक्त स्काउट (पदेन जिला शिक्षा अधिकारी) लाल जी द्विवेदी के मार्गदर्शन में रामनवमी के पावन अवसर पर ‘प्याऊ घर’ अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान आगामी एक माह तक लगातार संचालित किया जाएगा।

तेज गर्मी को ध्यान में रखते हुए राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए इस पहल को शुरू किया गया है, जिससे राह चलते लोगों की प्यास बुझाई जा सके। कार्यक्रम का शुभारंभ मीठा शरबत पिलाकर किया गया, जो सामाजिक सेवा और जनसहभागिता का प्रतीक बना।
इस अवसर पर जिला सचिव के.के. वर्मा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट धनुष सिन्हा, जिला संगठन आयुक्त गाइड ललिता कोसरे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट विशाल ठाकुर, विकासखंड सचिव सुनील गुनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्काउट-रोवर उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल सेवा भाव का उदाहरण है, बल्कि समाज में सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत करती है।


