खैरागढ़. छत्तीसगढ़ में प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा सत्र 2026-27 के तहत कक्षा 9वीं की प्रवेश परीक्षा रविवार 10 मई को जिलेभर में शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संपन्न हुई, जबकि ओएमआर शीट भरने के लिए विद्यार्थियों को सुबह 9:30 बजे से 10 बजे तक का समय दिया गया।
शासकीय हाई स्कूल अमलीपारा परीक्षा केंद्र में कुल 200 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 175 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 25 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्र में सुबह से ही विद्यार्थियों और अभिभावकों की भीड़ देखने को मिली। केंद्र में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
परीक्षा के दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग विकास शुक्ला एवं अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों का जायजा लेते हुए केंद्र प्रभारी एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओएमआर शीट वितरण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली।
अधिकारियों ने कहा कि प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।


