खैरागढ़. राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन सोमवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में स्वास्थ्य विभाग की वैक्सीनेटर टीमों ने घर-घर पहुंचकर उन बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई, जो अभियान के पहले दिन किसी कारणवश टीकाकरण से वंचित रह गए थे। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान की निगरानी कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में लगातार की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक डोर-टू-डोर अभियान चलाया है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।
अभियान के प्रभावी संचालन और सतत मॉनिटरिंग के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन, डॉ. मनीष बघेल, बीईटीओ के. पी. साहू, आर. पी. गढ़वाल, डी. एल. सोनी सहित अन्य पर्यवेक्षक विभिन्न क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर वैक्सीनेटर टीमों के कार्यों का निरीक्षण एवं मार्गदर्शन कर रहे हैं।
अभियान की गुणवत्ता और कवरेज का आकलन करने के लिए राज्य स्तर से डॉ. राजा प्रधान तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रतिनिधि डॉ. असीम खान ने भी फील्ड विजिट कर वैक्सीनेशन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने टीमों के कार्य, प्रगति और रिकॉर्ड संधारण का निरीक्षण करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वैक्सीनेटर दलों को प्रत्येक घर तक पहुंचकर पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने, पहले दिन छूटे हुए बच्चों का चिन्हांकन कर तत्काल उन्हें कवर करने तथा अभियान से जुड़े सभी प्रपत्रों का नियमानुसार संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि अभियान की सफलता तभी संभव है, जब हर पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि आपके घर स्वास्थ्य विभाग की वैक्सीनेटर टीम पहुंचे तो 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर स्थायी जीत बरकरार रखी जा सकती है और प्रत्येक बच्चे का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।


