खैरागढ़. खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा नकली खाद, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पांडुका से 202 बोरी संदिग्ध डीएपी खाद जब्त की है। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पूरे स्टॉक को जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देशन एवं उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में जिलेभर में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रय केंद्रों के साथ-साथ अवैध भंडारण और नकली उर्वरकों के खिलाफ सघन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कृषि विभाग की टीम ने विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम पांडुका में छापेमार कार्रवाई की।

विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम पांडुका निवासी राजेश वर्मा के गोदाम में महाराष्ट्र निर्मित डीएपी खाद का बड़ा स्टॉक रखा गया है और इसे किसानों को लगभग 1,900 रुपये प्रति बोरी की दर से बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गोदाम की जांच की।
जांच के दौरान गोदाम से डीएपी अंकित 202 बोरी खाद बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में राजेश वर्मा ने उक्त खाद को मनोज वर्मा का होना बताया, लेकिन खाद की खरीदी, परिवहन और भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दस्तावेजों के अभाव में कृषि विभाग ने संपूर्ण स्टॉक को तत्काल जब्त कर लिया और नियमानुसार प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन में किसानों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नकली उर्वरक, अवैध भंडारण, कालाबाजारी और मुनाफाखोरी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एवं पंजीकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक, बीज एवं अन्य कृषि आदान सामग्री खरीदें तथा प्रत्येक खरीद पर पक्का बिल अवश्य लें। यदि किसी भी स्थान पर अवैध भंडारण, नकली खाद, कालाबाजारी या संदिग्ध बिक्री की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
इस कार्रवाई में सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी लखेश्वर तिवारी, देवेंद्र वर्मा तथा अश्विन पटौती सहित कृषि विभाग की टीम की सक्रिय भूमिका रही।


