खैरागढ़. प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने जिले के 4300 से अधिक परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार किया। शुक्रवार को जिले में कुल 4321 नवनिर्मित आवासों का सामूहिक गृह प्रवेश कराया गया। यह कार्यक्रम राज्य स्तरीय आयोजन के तहत आयोजित किया गया, जिसमें सक्ती जिले में भारत सरकार के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदेशभर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 2 लाख से अधिक नवनिर्मित आवासों का सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम हुआ।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में जनपद पंचायत छुईखदान के 2404 और जनपद पंचायत खैरागढ़ के 1917 आवासों, यानी कुल 4321 पूर्ण आवासों में हितग्राहियों ने विधिवत गृह प्रवेश किया।
सलोनी में हुआ जिला स्तरीय आयोजन

जनपद पंचायत खैरागढ़ की ग्राम पंचायत सलोनी में जिला स्तरीय गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने हितग्राही रामबाई एवं सुदामा वर्मा के नवनिर्मित पक्के मकान में पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ गृह प्रवेश कराया। इस दौरान हितग्राहियों को ‘आभार पत्र’, ‘खुशियों की चाबी’ एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष राजेश्री मिश्रा, जिला पंचायत सभापति भुनेश्वरी जीवन देवांगन और पूर्व सभापति घम्मन साहू विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित ग्राम पंचायत सलोनी के सरपंच, सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसी कड़ी में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार ने ग्राम खैरा नवापारा में आवास हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया और उन्हें ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार, जनपद सीईओ केशवरी देवांगन, सरपंच, पंच, सचिव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
रंगोली और दीपों से सजे नए आशियाने
जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नवनिर्मित आवासों को आकर्षक रंगोली और दीप सज्जा से सजाया गया। हितग्राहियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन कर अपने नए घर में प्रवेश किया। इस अवसर पर हितग्राहियों को आभार पत्र, खुशियों की चाबी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम में जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, उपसरपंच और पंचगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र तथा बड़ी संख्या में आवास हितग्राही शामिल हुए।


