खैरागढ़. वनांचल ग्राम पंचायत देवरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नव-निर्मित पक्के आवासों में शुक्रवार को 13 हितग्राही परिवारों ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों की मौजूदगी में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। हितग्राहियों के साथ सरपंच, उपसरपंच, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं पंचगणों ने पूजा-अर्चना कर नए आवास में प्रवेश कराया।

गृह प्रवेश करने वाले हितग्राहियों में सुरेश यादव, तोमन वर्मा, मनबहल खैरे, दौव्वा साहू, तीज लाल ध्रुवे, अवध वर्मा, बली राम कंवर, अर्जुन वर्मा, सहस राम यादव, उदय राम वर्मा, राजेश बंजारे, फगुवा राम एवं अवध राम सिन्हा शामिल हैं।

सरपंच श्रीमती गंगोत्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ग्रामीण परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि योजना से जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध हो रहा है।

ग्राम पंचायत सचिव सुश्री नाजनीन नियाजी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का ग्राम स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन तथा हितग्राहियों से संबंधित कार्य पंचायत की मूल जिम्मेदारी और प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश को लेकर हितग्राहियों ने शासन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने में सहयोग करने वाली ग्राम पंचायत का हृदय से आभार जताया। कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती गंगोत्री वर्मा, उपसरपंच श्री विनोद वर्मा, सचिव नाजनीन नियाजी, रोजगार सहायक रामसुख कंवर, पंच तेजराम वर्मा, हरलाल केलकर सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


