खैरागढ़. भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला संघ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की प्रथम बैठक शुक्रवार को विज्ञान भवन में जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले में स्काउट-गाइड की गतिविधियों के विस्तार, सभी शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करने, सेवा एवं नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देने तथा आगामी गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला आयुक्त स्काउट एवं पदेन जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, खैरागढ़ विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम सिंह राजपूत, सुधाकर सर, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अमेला, सेजेस प्राचार्य कमलेश्वर सिंह, बीआरसी सुजीत सिंह चौहान, जिला सचिव केके वर्मा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट धनुष सिन्हा, ब्लॉक सचिव सुनील गुनी, पूर्णिमा नेताम, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट-गाइड विशाल ठाकुर, शकुंतला ठाकुर सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हर स्कूल में संचालित होंगे अलग-अलग विंग
जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने कहा कि नवगठित जिले में स्काउट-गाइड का कार्य संतोषजनक है, लेकिन अब संगठन को जिले के प्रत्येक शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थान तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जिला संघ के विस्तार के साथ समाजसेवियों एवं सामाजिक संगठनों को भी संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की आयु एवं स्तर के अनुसार प्रत्येक स्कूल में कब-बुलबुल, स्काउट-गाइड तथा रोवर-रेंजर के विंग संचालित किए जाएं। इसके लिए प्रत्येक स्कूल में कम से कम एक स्काउट-गाइड प्रभारी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संबंधित प्रभारी का पूरा डाटा जिला शाखा में संधारित करने के निर्देश दिए गए।
सेवा और नैतिक शिक्षा का प्रभावी माध्यम
भागवत शरण सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड सेवा और नैतिक शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ नैतिक शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सेवा भावना से जोड़ना भी जरूरी है। स्काउट-गाइड इन मूल्यों को विद्यार्थियों के जीवन में उतारने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

उन्होंने स्काउट-गाइड के अंशदान आदि की जानकारी लेते हुए स्पष्ट किया कि अंशदान का उपयोग स्काउट-गाइड की गतिविधियों में ही सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
सेवा संकल्प में विद्यार्थियों की बढ़ेगी भागीदारी
जिला मुख्य आयुक्त ने माहभर चलने वाले सेवा संकल्प आयोजन में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधरोपण सहित अन्य सेवा गतिविधियों में तेजी लाने और चिन्हित स्थलों पर वृहद स्तर पर पौधरोपण कराने पर भी जोर दिया।
जल्द होगी जिले की वृहद बैठक
जिला आयुक्त स्काउट एवं पदेन जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि जल्द ही जिला स्काउट-गाइड की वृहद बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों को आगामी बैठकों में प्रॉपर गणवेश के साथ उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।
प्रथम जिला मुख्य आयुक्त बनने पर सम्मान
बैठक के दौरान जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन सहित स्काउट-गाइड के सभी पदाधिकारियों ने भागवत शरण सिंह को जिले का प्रथम जिला मुख्य आयुक्त बनने पर शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।


