खैरागढ़. साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विद्यार्थियों और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-2 स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं, नागरिकों एवं गणमान्यजनों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े रहीं, जबकि अध्यक्षता राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव (भापुसे) ने की। मंत्री राजवाड़े ने कार्यक्रम में मौजूद स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को साइबर क्राइम के विभिन्न स्वरूपों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि मोबाइल का उपयोग केवल जरूरत के समय करें और इसका सदुपयोग शिक्षा एवं उपयोगी कार्यों के लिए किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध ऐप या अज्ञात मोबाइल नंबर के संपर्क में आने से बचने की समझाइश दी।

मंत्री ने विद्यार्थियों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने तथा समाज में साइबर जागरूकता फैलाने की अपील की।

आईजी अजय कुमार यादव ने कहा कि अपराधों की प्रकृति तेजी से बदल रही है। पारंपरिक अपराधों के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में लोगों को अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल व मैसेज से सावधान रहने तथा OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के बाद मंत्री राजवाड़े और आईजी यादव ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। उन्होंने विद्यार्थियों और आमजन से भी सेल्फी के माध्यम से साइबर अवेयरनेस फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. लवली शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, वनमंडलाधिकारी संजय यादव, एसडीएम खैरागढ़, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ बिसेसर साहू, घम्मन साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


