खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के खैरागढ़ शहर के बरेठपारा इलाके में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज घटना का आखिरकार पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है। चाकू की नोक पर पूरे इलाके में दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 06 बरेठपारा निवासी अमन रजक उर्फ फनिष (उम्र 19 वर्ष), पिता अजीत रजक, शराब के नशे में बेकाबू होकर क्षेत्र में उपद्रव कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी हाथ में खून से सना चाकू लेकर खुलेआम सड़कों पर घूमता रहा और लोगों में भय का माहौल बनाता रहा।
आरोपी ने सबसे पहले एक किराना दुकान को निशाना बनाया, जहां वह गाली-गलौज करते हुए अंदर घुसा और जमकर तोड़फोड़ की। उसने दुकान का सामान बाहर फेंक दिया और कुछ वस्तुओं में आग लगा दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद आरोपी ने कई राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की। इसी दौरान उसने कुंदन रजक की घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी नहीं छोड़ा और उसमें तोड़फोड़ करते हुए उसकी सीट को ब्लेड से चीर दिया।
उत्पात का सिलसिला यहीं नहीं थमा। आरोपी ने एक घर को निशाना बनाते हुए वहां मौजूद लोगों पर पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घबराए घर के सदस्य तुरंत अंदर घुस गए और किसी तरह अपनी जान बचाई।
आरोपी ने इलाके के कई घरों के बिजली मीटर उखाड़ दिए और घरों में घुसकर महिलाओं एवं बच्चियों को जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे, लेकिन आरोपी के हाथ में चाकू और उसकी आक्रामक हरकतों के चलते कोई भी उसका सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा सका और भीड़ मूकदर्शक बनी रही।
आखिरकार क्षेत्र के कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को काबू में किया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद बरेठपारा निवासी आवेदिका श्रीमती आशा पाल (35 वर्ष), पति तामेश्वर पाल की शिकायत पर थाना खैरागढ़ में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ इस्तगाशा क्रमांक 22/139/2026 तैयार कर उसे माननीय एसडीएम खैरागढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है और लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


