खैरागढ़. खरीफ वर्ष 2026-27 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक एवं उर्वरक उपलब्ध कराने और इनके विक्रय में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने जिले में सघन निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन और उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में कीटनाशक निरीक्षकों की टीम विक्रय केन्द्रों पर दस्तावेज, मूल्य सूची, स्टॉक, भंडारण व्यवस्था सहित निर्धारित मापदंडों की जांच कर रही है।
जांच के दौरान हरिओम कृषि केन्द्र, गंडई पर विभाग को गुमराह कर अवैध रूप से भंडारण स्थल संचालित करने तथा बड़ी मात्रा में एक्सपायरी कीटनाशक पाए जाने पर कीटनाशक अनुज्ञप्ति निलंबित कर दी गई।
वहीं 8 सितंबर को भंडारपुर स्थित विकास कृषि केन्द्र, लोधी कृषि केन्द्र और मां भवानी बहुउद्देश्यीय कृषक उत्पादन केन्द्र के विक्रय स्थलों पर कीटनाशक अधिनियम के तहत बिक्री प्रतिबंध लगाया गया। तीनों संस्थानों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए।
इसी कार्रवाई में सूर्यांश कृषि केन्द्र, भंडारपुर द्वारा विभाग को गुमराह कर जगदीश सिन्हा के निवास स्थल पर कीटनाशक एवं उर्वरकों का अवैध भंडारण किए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने अवैध गोदाम को सील करते हुए बिक्री प्रतिबंध और जब्ती की कार्रवाई की।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में कीटनाशकों एवं उर्वरकों के भंडारण, बिक्री और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी जारी रहेगी। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।


