खैरागढ़. खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दुकानों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के जालबांधा क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न किराना स्टोर्स एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई कलेक्टर इन्द्रजीत चंद्रवाल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आशीष शर्मा और अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में की गई।

निरीक्षण के दौरान टीम ने मेसर्स वर्मा किराना की जांच की। यहां से नमकीन, गुलाब जामुन (खजानी) और अरहर दाल के कुल तीन विधिक नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। इन नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की स्थिति स्पष्ट हो सके।

इसी क्रम में टीम ने कृष्णा मोमोस सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां से चाइनीज पकोड़ा और तीखी लाल चटनी के दो सर्विलांस नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थ तैयार करने एवं रखने की स्थिति में अस्वच्छता पाए जाने पर मोमोज और आलू फिंगर चिप्स को मौके पर ही नष्ट कराया गया। संचालक को खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक खाद्य पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा मेसर्स लक्ष्य किराना स्टोर्स का निरीक्षण कर संचालक को प्रतिष्ठान में आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन को अद्यतन रखने के लिए निर्देशित किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।


