खैरागढ़. छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और ग्रामीण संस्कृति का रंग एक बार फिर खैरागढ़ के ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में दिखाई देगा। पारंपरिक पोला त्यौहार के अवसर पर नगर पोला उत्सव एवं न्यू दंतेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 10 सितंबर को फुटबॉल मैच और बैल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का यह 44वां वर्ष है। हर साल की तरह इस बार भी कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और नगरवासी पहुंचेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2 बजे फुटबॉल मैच से होगी। इसके बाद शाम 4 बजे बैल दौड़ आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बैल जोड़ियों के शामिल होने की संभावना है। पोला पर्व पर होने वाली यह पारंपरिक प्रतियोगिता खैरागढ़ में खास आकर्षण का केंद्र रहती है और इसे देखने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार
आयोजन समिति ने बैल दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने वाली जोड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए हैं। प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये, द्वितीय 7 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा उत्कृष्ट बैल सजावट के लिए 3100 रुपये तथा स्वस्थ बैल जोड़ी के लिए भी 3100 रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कारों को लेकर पशुपालकों और प्रतिभागियों में खासा उत्साह है।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम
कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। मैदान और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और दर्शकों की सुरक्षा पर विशेष नजर रहेगी।
पोला पर्व पर आयोजित यह आयोजन केवल बैल दौड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खैरागढ़ की उस लोक परंपरा का हिस्सा है, जिसमें कृषि संस्कृति, पशुधन और ग्रामीण जीवन का गहरा जुड़ाव दिखाई देता है। आधुनिक कृषि उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के दौर में भी इस परंपरा का 44 वर्षों से लगातार कायम रहना आयोजन की खास पहचान है।


