खैरागढ़. जिले की सेवा सहकारी समिति रामपुर में चल रही धान खरीदी प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। समिति प्रबंधक संजय वर्मा पर शासन द्वारा निर्धारित तौल मानक का पालन न करने का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जहां शासन के निर्देशानुसार प्रति बारदाना 40.700 ग्राम (बारदाना वजन सहित) धान की तौल की जानी चाहिए, वहीं रामपुर खरीदी केंद्र में 40.950 ग्राम से लेकर 41 किलोग्राम तक धान तौला जा रहा है।
स्थानीय किसानों के अनुसार यह अंतर मामूली प्रतीत हो सकता है, लेकिन बड़ी मात्रा में धान विक्रय करने वाले किसानों के लिए यह अतिरिक्त वजन आर्थिक रूप से नुकसानदायक साबित हो रहा है। नियमों के अनुसार तय मानक से अधिक तौल लिया जाना स्पष्ट रूप से शासन की खरीदी नीति और निर्देशों का उल्लंघन माना जाता है।
सूत्रों का कहना है कि इस विषय में संबंधित समिति प्रबंधन को मौखिक रूप से अवगत भी कराया गया, किंतु खरीदी प्रक्रिया में कोई सुधार नहीं किया गया। इससे खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
धान खरीदी जैसे संवेदनशील और किसानों की आय से सीधे जुड़े कार्य में इस तरह की लापरवाही न केवल प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है, बल्कि शासन की मंशा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई करता है।




