खैरागढ़. सरस्वती शिशु/उच्चतर माध्यमिक विद्या मंदिर खैरागढ़ में विद्यार्थियों को बदलती तकनीकी दुनिया के अनुरूप तैयार करने की दिशा में रोबोटिक्स एवं एआई लैब का शुभारंभ किया गया। लैब का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने के साथ विभिन्न रोबोटिक एवं एआई मॉडल तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार किसी भी विद्यालय के युवा इस लैब से जुड़कर तकनीकी ज्ञान अर्जित कर सकते हैं।

कार्यक्रम के साथ विद्यालय में त्रैमासिक परीक्षा परिणाम की घोषणा तथा पालक-शिक्षक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। सम्मेलन में 241 पालक एवं 1040 विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोबोट मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध एवं यंगोवेटर एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर-सीईओ मुदित ठक्कर विद्या भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के अध्यक्ष रामभरोसा सोनी रहे। अध्यक्षता विद्या भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के अध्यक्ष रामभरोसा सोनी व शासकीय विद्यालय दिलीपपुर के भूगोल व्याख्याता एवं शैक्षणिक परिषद सदस्य टी.डी. बंजारे ने की।

विशिष्ट अतिथियों में प्रेम स्मृति शिक्षा समिति खैरागढ़ के अध्यक्ष मनोज गिडिया, महिला कार्यकारिणी सदस्य मंजू ओसवाल, हेड ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट आनंद कुमार पायोसी, हेड ऑफ सेल्स आशुतोष पांडे और रोबोटिक्स ट्रेनर मोहित साहू उपस्थित रहे।
रोबोटिक्स और एआई से करियर की संभावनाओं पर चर्चा
रोबोटिक्स-एआई लैब का शुभारंभ करते हुए मुदित ठक्कर ने विद्यार्थियों और पालकों को बदलते दौर में रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व की जानकारी दी। उन्होंने तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों और भविष्य में इन कौशलों की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल तकनीक के उपयोग तक सीमित न रहकर स्वयं मॉडल और तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

विद्या भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के अध्यक्ष रामभरोसा सोनी ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ विद्यार्थियों को जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
42 विद्यार्थियों को मिले पदक
कार्यक्रम में त्रैमासिक परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए कक्षा अरुण से द्वादश तक के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 14 स्वर्ण पदक, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 14 रजत पदक तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 14 कांस्य पदक प्रदान किए गए। अतिथियों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों एवं पालकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। इस दौरान विद्यालय परिवार, पालक, विद्यार्थी एवं अतिथियों की सहभागिता रही।


