खैरागढ़. ग्राम पंचायत भूलाटोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और ग्रामीणों की सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और ग्रामीण समुदाय को जोड़ते हुए पोषण एवं बाल विकास से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति श्री दिनेश वर्मा ने की। वहीं ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती माहेश्वरी वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

आंगन उत्सव के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी सेवाओं और बच्चों एवं महिलाओं के लिए संचालित गतिविधियों को लेकर उपस्थित लोगों के साथ संवाद किया गया। जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती गुलाबा बाई, सहायिका लक्ष्मी बाई एवं श्रीमती उर्मिला यादव, श्रीमती ललिता बाई वर्मा, दानी वर्मा, आशीष और गिरिया सहित अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र को समुदाय से जोड़ने तथा बच्चों और महिलाओं के हित में संचालित सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाया।


