खैरागढ़. महिला एवं बाल विकास विभाग के अभियान के तहत प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के क्रम में खैरागढ़ ग्रामीण सेक्टर के ग्राम पंचायत कुम्ही स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 एवं 2 में कार्यक्रम उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी सेवाओं से हितग्राहियों को जोड़ने के साथ महिलाओं, बच्चों और किशोरियों में पोषण, स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की सेवाओं, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर जानकारी दी गई। बच्चों और महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर और विशिष्ट अतिथि जनपद सदस्य सरस्वती यदु ने ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत मुनगा पौधा रोपण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने ग्रामीणों को घर-घर मुनगा लगाने और इसके पोषण संबंधी महत्व के प्रति जागरूक किया। अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं को मिलने वाली सेवाओं का लाभ लेने तथा पोषण और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
प्रतियोगिताओं में महिलाओं और बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम में रंगोली, ड्राइंग, मेहंदी और स्वस्थ बच्चा प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोली प्रतियोगिता में दामिनी साहू, ड्राइंग में उमेश्वरी चंद्रवंशी, मेहंदी में नंदिनी निषाद तथा स्वस्थ बच्चा प्रतियोगिता में उषा साहू विजेता रहीं। वहीं महतारी वंदन योजना में बबीता निषाद और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में सीमा साहू को भी सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि अरुणा बनाफर एवं विशिष्ट अतिथि सरस्वती यदु ने पुरस्कार प्रदान किए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका का सम्मान
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लता तिवारी, सहायिका पुष्पांजलि साहू, मितानिन प्रेमा बाई साहू एवं रमोतीन बाई साहू तथा महिला समूह की सदस्य तरोज साहू को अतिथियों द्वारा श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मां कर्मा स्वयं सहायता समूह की ओर से न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और हितग्राहियों ने सहभागिता की। बच्चों और महिलाओं के बीच कार्यक्रम ने आंगनबाड़ी केंद्र को केवल सेवाएं प्रदान करने वाले स्थान के बजाय महिला-बाल विकास, जनभागीदारी और सामुदायिक जागरूकता के मंच के रूप में स्थापित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी प्रीतराम खुटेल, परियोजना अधिकारी रंजना श्रीवास्तव, सुपरवाइजर तपस्विनी प्रधान, सरपंच तामेश्वर निषाद, पूर्व सरपंच टीमन साहू, शिक्षक ससित साहू, पंचगण, मितानिन, गर्भवती महिलाएं, शिशुवती माताएं, किशोरी बालिकाएं, महिला समूह की सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


