खैरागढ़. गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मंदराकुही में स्वच्छता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला भाजपा मंत्री एवं सांसद प्रतिनिधि धनेश्वर सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सरपंच शकुन पटवा, उप सरपंच मनोज सिन्हा, अजय पटवा, प्रधानपाठक कल्पना डड़सेना सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर परिसर की साफ-सफाई की तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर सभी ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ वातावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
धनेश्वर सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। स्वच्छ विद्यालय और स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छ रहने के साथ आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।


