खैरागढ़. रायपुर में वृहद स्तर पर आयोजित होने वाली सर्वधर्म प्रार्थना सभा में सहभागिता के लिए खैरागढ़ जिले से 150 स्काउट-गाइड का दल रायपुर के लिए रवाना हुआ। जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। इस दौरान स्काउट-गाइड सदस्यों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
रवाना होने से पहले जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने स्काउट-गाइड सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सर्वधर्म प्रार्थना सभा जैसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे, शांति और एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। स्काउट-गाइड संगठन सेवा, अनुशासन और सद्भाव के मूल्यों के साथ ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करता है।
उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड के लिए सेवा महज एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण संस्कार है। विभिन्न धर्मों और समुदायों को एक साथ जोड़ने वाले ऐसे आयोजनों में युवाओं की भागीदारी से सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश और मजबूत होता है।
दल को कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा सेवा भावना के साथ आयोजन में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया। रवाना होने से पहले उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों को सफल यात्रा और कार्यक्रम में बेहतर सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, वरिष्ठ प्राचार्य कमलेश्वर सिंह, जिला सचिव के.के. वर्मा, ब्लॉक सचिव सुनील गुनी सहित अन्य अधिकारी, पदाधिकारी एवं स्काउट-गाइड से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
खैरागढ़ जिले से 150 स्काउट-गाइड की सहभागिता को ‘सेवा, अनुशासन और सद्भाव’ के मूल्यों को आगे बढ़ाने तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।


