खैरागढ़. आगामी ग्रीष्म ऋतु में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा गंडई नगर पंचायत क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कई खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण करते हुए एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराई गई।
जांच अभियान के तहत गंडई स्थित कान्हा एजेंसी में निरीक्षण के दौरान “फील किंग ऑरेंज 250 ml” कोल्ड ड्रिंक का विधिक नमूना गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिया गया। वहीं दुकान में रखी विभिन्न एक्सपायरी खाद्य सामग्री—कोल्ड ड्रिंक, मैंगो फ्रूटी, फ्लेवर मिल्क और शहद—को तत्काल नष्ट कराया गया।
इसी क्रम में सुकृत किराना स्टोर्स से “जी रामा मसाला डोसा” के दो विधिक नमूने संग्रहित किए गए। यहां भी निरीक्षण के दौरान मिरिंडा, स्प्राइट और माजा जैसे एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पाए गए, जिन्हें विभागीय टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
इसके अलावा बीकानेर स्वीट्स से कुकीज़ और मिनी पेड़ा के दो सर्विलांस नमूने भी लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। विभाग ने सभी प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने और एक्सपायरी सामग्री का विक्रय न करने के सख्त निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य लाइसेंस निलंबित किया जाएगा।
गर्मी में बढ़ती सतर्कता
खाद्य एवं औषधि विभाग का यह अभियान विशेष रूप से गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है, जब खाद्य पदार्थों के खराब होने और मिलावट की आशंका अधिक रहती है। विभाग का कहना है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
जनता से अपील
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें और किसी भी संदिग्ध या खराब खाद्य पदार्थ की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

