खैरागढ़/गंडई. जिले के गंडई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल जुमला 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान 18 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि कुम्हारपारा निवासी मंगल तिवारी टावर के पास अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में गांजा छिपाकर बिक्री की तैयारी में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मंगल तिवारी (36 वर्ष) बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल (CG 08 BE 3339) की डिक्की से लाल-पीले कपड़े के थैले में रखा संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ।
गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच, परीक्षण और एनडीपीएस किट से पुष्टि हुई कि बरामद पदार्थ गांजा है। आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



