खैरागढ़. जिले के खैरागढ़ थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में एक अन्य संलिप्त व्यक्ति की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बोरी निवासी 60 वर्षीय मानदाता लोधी 16 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 24 जनवरी को वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि मकान का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखे संदूक को तोड़कर उसमें रखी लगभग 35 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली गई है।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 35/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305 के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम बीरसिंह वर्मा (30) निवासी धम्मादीप नगर, ईटाभट्ठा चौक, नागपुर (महाराष्ट्र) बताया। आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। प्रकरण में आगे की जांच जारी है तथा फरार साथी की तलाश की जा रही है।

