खैरागढ़. खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में आयोजित मानस गान एवं आध्यात्मिक सम्मेलनों में सहभागिता कर जनजीवन से सीधा संवाद स्थापित किया। ग्राम खमतराई, दिलीपपुर एवं सण्डी (नर्मदा) में आयोजित कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति ने आयोजनों को विशेष गरिमा प्रदान की।
ग्राम खमतराई में आयोजित मानस गान सम्मेलन में विधायक ने रामचरितमानस की चौपाइयों के माध्यम से मर्यादा, सत्य और कर्तव्यबोध के संदेश को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि रामकथा भारतीय जीवन दर्शन की आत्मा है, जो व्यक्ति को संस्कारों से जोड़ती है।
दिलीपपुर में आयोजित मानस गायन एवं पारंपरिक टीका शैली सम्मेलन में उन्होंने लोककलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि यह शैली हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य हिस्सा है, जिसे सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वहीं ग्राम सण्डी (नर्मदा) में मानस गान सम्मेलन के दौरान उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रभु श्रीराम की आराधना में सम्मिलित हुईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक वर्मा ने कहा कि मानस गान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सकारात्मक सोच और भाईचारे का सशक्त माध्यम है। इन आयोजनों से ग्रामीण समाज में सांस्कृतिक चेतना और एकता को बल मिलता है।
इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानस मंडलियों के कलाकार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

