खबरों का प्रहरी न्यूज. खैरागढ़ में फिर छाएगा आईपीएल जैसा रोमांच, 3 जनवरी से सुपर लीग में 9 टीमें होंगी आमने-सामने
खैरागढ़. खेल प्रेमियों के लिए नववर्ष की शुरुआत एक बड़े क्रिकेट उत्सव के साथ होने जा रही है। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी खैरागढ़ के ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली रात्रिकालीन खैरागढ़ सुपर लीग (केएसएल) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 2 जनवरी 2026 को आयोजित होगा, जबकि मुकाबलों की शुरुआत 3 जनवरी से होगी।

इस प्रतिष्ठित क्रिकेट आयोजन का संचालन मॉर्निंग क्रिकेट क्लब द्वारा किया जा रहा है, वहीं आयोजन के संरक्षक जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह हैं। आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता लगातार तीसरे वर्ष आयोजित की जा रही है और हर वर्ष इसका स्तर और रोमांच दोनों बढ़ता जा रहा है।
9 टीमें, 126 खिलाड़ी और लीग मुकाबले
खैरागढ़ सुपर लीग में इस वर्ष कुल 9 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ी शामिल हैं। सभी टीमें लीग चरण में 9-9 मैच खेलेंगी। लीग मुकाबलों के बाद सर्वाधिक जीत दर्ज करने वाली शीर्ष टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमें इस प्रकार हैं—
- केजीएच टाइटन
- वीर योद्धा
- किंग्स ऑफ पीच
- क्लासिक 11
- गोल्डन ईगल्स केजीएच
- श्रीराम वारियर्स
- नावेल्टी लायंस
- महाशक्ति सेना
- द अमन बिल्डर्स
आईपीएल की तर्ज पर खिलाड़ियों की बोली
इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह आईपीएल मॉडल पर आधारित है। टीम मालिकों द्वारा खिलाड़ियों को बोली प्रक्रिया के माध्यम से खरीदा गया है, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों में अतिरिक्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि खैरागढ़ सुपर लीग अब केवल एक स्थानीय टूर्नामेंट न होकर एक ब्रांडेड क्रिकेट इवेंट का रूप ले चुकी है।
क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह
रात्रिकालीन मुकाबले, रोशनी से जगमगाता मैदान, प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच—इन सभी कारणों से खैरागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। आयोजक मंडल प्रतियोगिता को सफल और यादगार बनाने के लिए तैयारियों में जुट चुका है।
खैरागढ़ सुपर लीग न केवल मनोरंजन का माध्यम बन रही है, बल्कि यह क्षेत्रीय खिलाड़ियों को पहचान दिलाने और खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।




