खैरागढ़. ग्राम पंचायत कुलीकसा के सैकड़ों किसान रबी फसल बीमा की राशि अब तक नहीं मिलने की शिकायत लेकर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विप्लव साहू और सरपंच धनुष वर्मा की अगुवाई में किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर फसल बीमा की राशि जल्द दिलाए जाने की मांग की।
किसानों का कहना है कि गांव में रबी सीजन के दौरान करीब 95 प्रतिशत किसानों की चना फसल खराब हो गई थी। प्रत्येक किसान ने नियमानुसार फसल बीमा भी कराया था, लेकिन फसल खराब होने के बाद भी अब तक उन्हें बीमा राशि का भुगतान नहीं किया गया है। किसानों ने बताया कि आसपास के अमलीडीह कला, भुलाटोला, कटंगीकला और टेकापार कला सहित अन्य गांवों के किसानों को फसल बीमा की राशि प्राप्त हो चुकी है, जबकि कुलीकसा के किसान अभी भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।
किसानों ने इस मामले में जल्द जांच कर पात्र किसानों को बीमा राशि दिलाने की मांग की है।
केंद्रीय बैंक अध्यक्ष के गांव में ही किसान बीमा राशि के लिए तरस रहे
गौर करने वाली बात यह है कि भाजपा नेता एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन बघेल का पुस्तैनी गांव भी कुलीकसा बताया जाता है। इसके बावजूद उनके ही गांव के सैकड़ों किसान रबी फसल बीमा की राशि के लिए तरस रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब आसपास के गांवों में भुगतान हो चुका है तो कुलीकसा के किसानों को अब तक राशि क्यों नहीं मिली, इसकी जांच कर जल्द समाधान किया जाना चाहिए।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए दो दिन का समय मांगा है। वहीं संदीप सिरमौर ने चेतावनी दी कि जल्द बीमा राशि नहीं मिली तो किसानों के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


