खैरागढ़। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन व अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के नेतृत्व में दीपक घृतलहरे, एफएसओ व खाद्य विभाग की टीम द्वारा जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।

15 सितंबर को मेसर्स भारत किराना एवं जनरल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। यहां से पैक्ड हरा मटर का एक विधिक नमूना तथा पैक्ड नमकीन का एक सर्विलांस नमूना लिया गया। यादव होटल का निरीक्षण कर आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
24 सितंबर को दीपक अनाज भंडार के निरीक्षण के दौरान मैदा एवं टोस्ट के दो विधिक नमूने तथा मासिक सर्विलांस ड्राइव के तहत हल्दी एवं मिर्च पाउडर के दो खाद्य नमूने लिए गए।
वहीं, 29 सितंबर को गोलबाजार क्षेत्र स्थित सांखला अनाज भंडार का निरीक्षण किया गया। यहां से जैन चुस्की चाय एवं अरहर दाल के दो विधिक नमूने तथा एवरेस्ट शाही पनीर मसाला एवं ताज हल्दी पाउडर के दो सर्विलांस नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। प्रतिष्ठान को साफ-सफाई रखने और खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।


