खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक आज की जनधारा के 36वें वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी रायपुर के जीई रोड स्थित बेबीलॉन कैपिटल होटल में आयोजित प्रदेश स्तरीय यूथ कॉन्क्लेव में संगीत नगरी खैरागढ़ के युवा पत्रकार मो. याहिया नियाज़ी को पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
रविवार को आयोजित इस समारोह में मीडिया, कला, संगीत, साहित्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा और युवा क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्रा तथा देश के प्रसिद्ध अभिनेता, गायक, गीतकार एवं रंगकर्मी पीयूष मिश्रा सहित कई प्रमुख हस्तियां मंचस्थ रहीं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण युवाओं के साथ पीयूष मिश्रा का ओपन माइक और खुला संवाद रहा।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में मो. याहिया नियाज़ी को मिले सम्मान को खैरागढ़ सहित पूरे खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के लिए उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
याहिया नियाज़ी पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे जिला पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा वे जिला मुस्लिम समाज के निवर्तमान सचिव, शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत इकरा फाउंडेशन के सचिव तथा मानवसेवी संस्था शांतिदूत के सह-संयोजक के रूप में भी सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हैं।
सम्मान मिलने पर याहिया नियाज़ी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणादायी होने के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे आगे भी सर्वसमाज के प्रति जिम्मेदार पत्रकारिता करते हुए जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और जरूरतमंदों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास जारी रखेंगे।
सम्मान मिलने पर खैरागढ़ सहित पूरे केसीजी जिले के पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और ईष्ट-मित्रों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। याहिया नियाज़ी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्रा, जनधारा परिवार के सदस्यों, जिला पत्रकार संघ के वरिष्ठ पत्रकारों, सहयोगियों, परिजनों एवं अपनी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।


