खैरागढ़. राजधानी की तर्ज पर खैरागढ़ में शुरू हुई ‘मस्ती की पाठशाला’ ने पहले ही दिन शहरवासियों का दिल जीत लिया। रविवार सुबह नगर के अटल उद्यान (गार्डन) में आयोजित इस अभिनव पारिवारिक आयोजन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली। पूरे उद्यान में उत्साह, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का ऐसा वातावरण बना कि यह आयोजन शहर के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा।

नगर गार्डन ग्रुप खैरागढ़ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह होते ही जोश और उमंग के साथ हुई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा रहीं, जिन्होंने नागरिकों और बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। उनकी सहभागिता ने उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम में बुम्बा डांस, योग, ध्यान, रस्साकशी, मनोरंजक खेल, म्यूजिक एक्टिविटी तथा छत्तीसगढ़ी पारंपरिक गीत-संगीत का रंगारंग आयोजन किया गया। जैसे ही संगीत की मधुर धुनें गूंजीं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी मस्ती के रंग में रंग गए। सुबह की ताजगी और उल्लासपूर्ण माहौल ने अटल उद्यान को खुशियों के केंद्र में बदल दिया।

छोटे बच्चों के लिए विशेष रूप से लगाए गए जंपिंग जम्प आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। बच्चों ने यहां जमकर आनंद उठाया, वहीं अभिभावकों ने भी अपने परिवार के साथ यादगार पल बिताए। आयोजन में पारिवारिक सहभागिता और सामाजिक सौहार्द का सुंदर दृश्य देखने को मिला, जहां हर आयु वर्ग के लोग एक साथ मनोरंजन और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का हिस्सा बने।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि यहां उम्र की कोई सीमा दिखाई नहीं दी। जहां बच्चे खेलकूद और मनोरंजन में व्यस्त रहे, वहीं बुजुर्गों ने भी संगीत की धुनों पर कदम मिलाकर माहौल को और जीवंत बना दिया। व्यापारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग एक साथ मस्ती की पाठशाला में शामिल होकर सामाजिक एकता का संदेश देते नजर आए।
बच्चों का उत्साह इस कदर था कि कई बच्चे निर्धारित समय से पहले ही अटल उद्यान पहुंच गए और कार्यक्रम शुरू होने का बेसब्री से इंतजार करते रहे। उनकी ऊर्जा और सहभागिता ने आयोजन को और अधिक यादगार और सफल बना दिया।
इस अवसर पर विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि “मस्ती की पाठशाला केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और परिवारों को एक साथ समय बिताने का सशक्त माध्यम है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसे आयोजन लोगों को तनावमुक्त होने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।” उन्होंने नगर गार्डन ग्रुप की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक और जनभागीदारी वाले आयोजनों को निरंतर बढ़ावा मिलना चाहिए।
आयोजन की सफलता में नगर गार्डन ग्रुप के सदस्य अरुण भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व, समन्वय और सक्रिय प्रयासों के कारण कार्यक्रम का प्रथम आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। वहीं आयोजन समिति के सदस्य अरुण रंगलानी ने बताया कि ‘मस्ती की पाठशाला’ अब प्रत्येक रविवार सुबह 6 बजे से 8 बजे तक अटल उद्यान में नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, जहां शहरवासी अपने परिवार के साथ पहुंचकर स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मेल-मिलाप का आनंद ले सकेंगे।
खैरागढ़ में आयोजित इस अनूठी पहल ने यह साबित कर दिया कि सामूहिक सहभागिता, स्वस्थ मनोरंजन और सामाजिक जुड़ाव के माध्यम से शहर में सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। पहले ही आयोजन में मिली अभूतपूर्व सफलता ने संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में ‘मस्ती की पाठशाला’ शहर की एक नई पहचान बन सकती है।


